• Thu. Nov 5th, 2026

मंत्री गणेश जोशी ने विंटर लाइन कार्निवाल 2025 का ब्रोशर का भी उद्घाटन किया

ByNewuttarakhand

Dec 19, 2025

 

मंत्री गणेश जोशी ने विंटर लाइन कार्निवाल 2025 का ब्रोशर का भी उद्घाटन किया

 

 

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज नगर पालिका परिषद सभागार में मसूरी में 24 से 29 दिसंबर तक होने जा रहे विंटर लाइन कार्निवाल की तैयारियां की बैठक की। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विंटर लाइन कार्निवाल 2025 का ब्रोशर का भी उद्घाटन किया।
बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विंटर लाइन कार्निवाल के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्निवाल के दौरान शौचालयों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने, मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बिजली, पानी और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही भविष्य की जरूरतों को देखते हुए मसूरी में आधुनिक शौचालयों के निर्माण पर भी जोर दिया।
कैबिनेट मंत्री ने पुलिस प्रशासन को कार्निवाल के दौरान मॉल रोड पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विंटर लाइन कार्निवाल में स्थानीय उत्पादों, स्थानीय कलाकारों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के स्टॉलों को प्राथमिकता दी जाए। इसके साथ ही फूड फेस्टिवल के दौरान कीवी और माल्टा जैसे स्थानीय फलों के स्टॉल लगाए जाने के निर्देश भी दिए।

मंत्री गणेश जोशी ने कार्निवाल के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यह आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों की आजीविका को भी सशक्त करेगा। उन्होंने बताया कि कार्निवाल का प्रत्येक दिवस महान विभूतियों के नाम समर्पित रहेगा। कार्निवाल की शुरुआत 24 दिसंबर को उत्तराखंड राज्य आंदोलन के नायक इंद्रमणि बडोनी की जयंती के अवसर पर की जाएगी।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, मोहन पेटवाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट मसूरी राहुल कुमार, अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *