• Tue. Nov 3rd, 2026

भारत में अमेजन-गूगल 2.9 लाख करोड़ का निवेश करेंगी: अमेजन देगी ज्यादा नौकरियां, छोटे बिजनेस को सपोर्ट करेगी।

ByNewuttarakhand

Jun 24, 2023

सुंदर पिचाई ने कहा, ‘प्रधानमंत्री से मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है। गूगल भारत के डिजिटलीकरण के लिए 10 अरब डॉलर का निवेश करेगा। हम GIFT सिटी, गुजरात में अपना ग्लोबल फिनटेक ऑपरेशन सेंटर खोलने की घोषणा कर रहे हैं।’

PMO ने ट्वीट कर बताया कि PM और पिचाई के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, फिनटेक और रिसर्च एंड डेवलपमेंट को बढ़ावा देने के उपायों पर चर्चा हुई।

भारत में अमेजन 26 बिलियन डॉलर निवेश करेगा

अमेजन के CEO एंडी जैसी ने भी प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। मीटिंग के बाद उन्होंने कहा, ‘अमेजन भारत में दुनिया के सबसे बड़े निवेशकों में से एक है। हमने अब तक 11 बिलियन डॉलर का निवेश किया है और 15 बिलियन डॉलर का और निवेश करने का इरादा है, जिससे कुल राशि 26 बिलियन हो जाएगी।’

उन्होंने कहा कि इसके जरिए कंपनी अधिक नौकरियों पैदा करने, अधिक छोटे और मीडियम बिजनेस को डिजिटल बनाने में मदद करेगी। इसके साथ ही भारतीय कंपनियों के प्रोडक्ट्स को दुनिया भर में निर्यात करने में मदद करेंगे।

पिचाई ने डिजिटल इंडिया के लिए PM के नजरिए की सराहना की

सुंदर पिचाई ने डिजिटल इंडिया के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नजरिया की सराहना की। उन्होंने कहा, ‘डिजिटल इंडिया के लिए प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण उनके समय से कहीं आगे है। मैं अब इसे एक ब्लूप्रिंट के रूप में देखता हूं जिसे अन्य देश करना चाह रहे हैं।’

अधिक भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करेगा बार्ड

पिचाई ने कहा कि हम बहुत जल्द में बार्ड और अधिक भारतीय भाषाओं का सपोर्ट पेश करने वाले हैं। बार्ड गूगल का AI चैटबॉट है, जिसे कंपनी ने गूगल IO 2023 इवेंट के दौरान भारत सहित 180 देशों में लॉन्च किया है।

एलन मस्क से भी मिले थे प्रधानमंत्री मोदी

इससे पहले 21 जून को प्रधानमंत्री मोदी और टेस्ला के CEO एलन मस्क की मुलाकात हुई थी। मीटिंग के बाद मस्क ने कहा था, ‘मैं भारत के भविष्य को लेकर उत्साहित हूं। मैं मोदी का फैन हूं। यह एक शानदार मुलाकात थी और मैं उन्हें काफी पसंद करता हूं।’

टेस्ला के भारत आने की टाइमलाइन के बारे में पूछे जाने पर मस्क ने कहा, ‘मुझे विश्वास है कि टेस्ला जल्द भारत में होगी।’ वो अगले साल यानी 2024 में भारत भी आने का प्लान कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने मस्क से मुलाकात के बाद तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा था, ‘आज आपसे शानदार मुलाकात हुई एलन मस्क। हमने ऊर्जा से लेकर आध्यात्मिकता तक के इश्यूज पर बातचीत की।’ मीटिंग से पहले कयास लगाए जा रहे थे कि एलन मस्क और PM मोदी मुलाकात के दौरान भारत में टेस्ला की एंट्री पर बात कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *