• Tue. Nov 3rd, 2026

PM Modi: पीएम मोदी से मिले गूगल-अमेजन और बोइंग CEO अमेजन सीईओ एंड्रयू जैस्सी बोले भारत में नौकरियों के सृजन के लिए मैं काफी उत्साहित

ByNewuttarakhand

Jun 24, 2023

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के दौरे पर हैं। यात्रा के अंतिम दिन उन्होंने गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई और अमेजन सीईओ एंड्रयू जैस्सी से मुलाकात की। बता दें, यात्रा के पहले दिन पीएम ने टेस्ला और स्पेस एक्स के मालिक एलन मस्क से भी मुलाकात की थी।

प्रधानमंत्री से मिलना मेरे लिए गर्व की बात : गूगल सीईओ

पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद गूगल सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा कि राजकीय यात्रा के दौरान पीएम मोदी से मिलना मेरे लिए गर्व की बात है। मैंने उन्हें बताया कि भारत के डिजिटलीकरण कोष में गूगल 10 बिलियन डॉलर का निवेश कर रहा है। हम गुजरात के गिफ्ट सिटी में अपना वैश्विक फिनटेक ऑपरेशन सेंटर खोलने की घोषणा कर रहे हैं। पीएम मोदी के डिजिटल इंडिया का सपना उनके समय से काफी आगे का था लेकिन मैं देख रहा हूं कि अब दूसरे देश भी इसी कदम पर आगे बढ़ना चाहते हैं।

नौकरियों पर बोले अमेजन सीईओ

वहीं, अमेजन सीईओ एंड्रयू जैस्सी ने पीएम मोदी से मुलाकात के बाद कहा कि भारत में नौकरियों के सृजन के लिए मैं काफी उत्साहित हूं। छोटे और मध्यम प्रकार के व्यापार को डिजिटल रूप से सक्षम और भारतीय कंपनियों और भारतीय उत्पादों को दुनिया भर में निर्यात करने के लिए मैं मदद करूंगा। अमेजन भारत के सबसे बड़े निवेशकों में से एक है। हम पहले ही भारत में 11 बिलियन डॉलर का निवेश कर चुके हैं। इसके अलावा और 15 बिलियन डॉलर निवेश करने का इरादा है। इसके अलावा पीएम मोदी ने वाशिंगटन में बोइंग सीईओ डेविड एल कैलहौन से भी मुलाकात की।

एलन मस्क भी कर चुके हैं पीएम से मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद मस्क ने कहा था कि मैं भारत के भविष्य को लेकर काफी उत्साहित हूं। विश्व के अन्य देशों के मुकाबले भारत के पास सबसे अधिक संभावनाएं हैं। पीएम मोदी वास्तव में भारत की परवाह करते हैं इसलिए महत्वपूर्ण निवेश के लिए वे हमें लगातार प्रेरित करते हैं। मैं उन्हें काफी पसंद करता हूं। पीएम मोदी से मिलकर मुझे काफी खुशी हुई। मैं उनका फैन हूं।

भारत के टैलेंट आज एक साथ हैं: पीएम मोदी

व्हाइट हाउस में जाने-माने कंपनियों के सीईओ के साथ हाईटेक हैंडशेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि भारत के टैलेंट आज एक साथ हैं। बैठक में शामिल होने के लिए पीएम मोदी ने राष्ट्रपति जो बाइडन का धन्यवाद किया। बैठक में स्टार्टअप से लेकर पहले से स्थापित तकनीकी कंपनियों का प्रतिनिधित्व होने का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ये दोनों एक नई दुनिया बनाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। वहीं, बाइडन ने कहा, भारत-अमेरिका सहयोग न केवल हमारे अपने लोगों के लिए बल्कि पूरी दुनिया के लिए मायने रखता है। क्योंकि हमारी साझेदारी अगली किसी भी बड़ी सफलता या समझौते से कहीं बढ़कर है। यह जलवायु परिवर्तन से निपटने के बारे में है, ब्रह्मांड की खोज के बारे में है, लोगों को गरीबी से बाहर निकालने, महामारियों को रोकने और हमारे नागरिकों को वास्तविक अवसर देने के बारे में है।

हाईटेक हैंडशेक कार्यक्रम में यह सीईओ भी शामिल

बैठक में माइक्रोसॉफ्ट सीईओ सत्या नडेला, एपल सीईओ टिम कुक, ओपन एआई सीईओ सैम अल्टमान, एएमडी सीईओ लिसा सू, अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स, रिलायंस अध्यक्ष मुकेश अंबानी, महिंद्रा समूह चेयरमैन आनंद महिंद्रा और जिरोधा के सह संस्थापक निखिल कामथ सहित अन्य व्यवसायी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *