• Tue. Nov 3rd, 2026

उत्तराखंड: अचानक टूटा ग्लेशियर, एक महिला की मौत, बर्फ के बीच फंसे तीर्थयात्री।

ByNewuttarakhand

Jun 5, 2023

हेमकुंड साहिब में ग्लेशियर खिसकने के बाद वहां से गुजर रहे 6 तीर्थयात्री बर्फ के बीच फंस गए। घटना में 37 साल की कमलजीत कौर लापता हो गईं। उनका शव बर्फ से बरामद कर दिया गया है।

हालांकि अन्य 5 तीर्थयात्रियों को बचा लिया गया है। एसडीआरएफ के जवानों ने मौके पर पहुंच बर्फ में फंसे लोगों की जान बचाई। जानकारी के मुताबिक रविवार को अंतिम जत्थे में शामिल 6 तीर्थयात्री हेमकुंड साहिब से समय पर निकल गए थे, लेकिन ज्यादा थकान होने की वजह से वो शाम 6 बजे तक अटलाकुड़ी तक ही पहुंच पाए।

इसी दौरान ग्लेशियर प्वाइंट से गुजरते वक्त अचानक बर्फ खिसककर मार्ग पर आ गई। जिससे तीर्थयात्री बर्फ के बीच में फंस गए। घटना में एक महिला के लापता होने की सूचना है। बता दें कि हेमकुंड साहिब में तीर्थयात्रियों के लिए रात्रि विश्राम की सुविधा नहीं है। यात्रियों को गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद वापस लौटने को कहा जाता है।

रविवार को भी तीर्थयात्रियों से वापस लौटने की अपील की गई थी, लेकिन अंतिम जत्थे में शामिल तीर्थयात्री पैदल दूरी अधिक होने के कारण धीमी रफ्तार से चल रहे थे।

कई बार तीर्थयात्री अटलाकुड़ी में ग्लेशियर प्वाइंट पर फोटो खिंचवाने के लिए रुक जाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। इन दिनों हेमकुंड साहिब क्षेत्र में चटख धूप है, जिससे ग्लेशियर खिसककर नीचे आ रहा है। लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *