• Mon. Nov 2nd, 2026

अमरोहा में देर शाम हादसा: दंपति समेत चार की मौत, सेक्टर मजिस्ट्रेट की गाड़ी से टकराई थी बाइक

ByNewuttarakhand

May 4, 2023

अमरोहा जिले में सैदनगली नगर पंचायत से अतिरिक्त मतपेटी लेकर लौट रही सेक्टर मजिस्ट्रेट की बोलेरो कार की टक्कर से बाइक सवार दंपति और दो बच्चियों की मौत हो गई। मां की गोद में बैठा दुधमुंहा बालक छिटककर दूर गिरने से सकुशल बच गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और एसडीएम ने बोलेरो में लदी मतपेटी अपने कब्जे में ले ली हैं। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा रहे हैं।

हादसा शाम करीब आठ बजे संभल मार्ग पर उझारी के मदरसे के नजदीक हुआ। सैदनगली की तरफ से आ रही बोलेरो कार सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार संभल जिले के गांव सेवड़ा निवासी फूल सिंह उसकी पत्नी पूनम, चार वर्षीय शीतल और तीन वर्षीय बेटी डोली की दर्दनाक मौत हो गई। काफी देर बाद पुलिस शव की शिनाख्त कर सकी। थानाध्यक्ष संदीप चौधरी के मुताबिक बोलेरो कार सैदनगली के सेक्टर दो पर तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट निर्वाचन कार्य में प्रयोग कर रहे थे। हादसे के वक्त वह कार में मौजूद थे। बोलेरो में अतिरिक्त मतपेटी लदी हुई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेरो कार पर सेक्टर मजिस्ट्रेट की स्लिप लगी थी। आरोप है कि हादसे के बाद इस स्लिप को फाड़ दिया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम अशोक कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे और बोलेरो में रखीं अतिरिक्त खाली मतपेटी कब्जे में लेकर मंडी समिति में जमा करा दीं। शवों को लाकर सीएचसी में रखवाया गया। मृतकों के परिजनों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उधर, हादसे के बाद सेक्टर मजिस्ट्रेट और चालक मौके से गायब हो गए। जिलाधिकारी बीके त्रिपाठी ने बताया कि निर्वाचन कार्य में प्रयोग लाई जा रही कार से हादसा हुआ है। मामले में जांच-पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *